मुंबई. पिछले सप्ताह एक साल की बच्ची ने खेलते हुए अपनी मां की ईयररिंग को निगल लिया। 8 दिन तक बच्ची के गले में फंसे रहने के बाद शुक्रवार को इसे बच्ची के गले से निकाला गया। फिलहाल बच्ची मुंबई के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट है और रविवार को उसे डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।
एक्स-रे से भी नहीं पता चला
– ईयरिंग बच्ची के विंडपाइप में जा फंसी थी। जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे सांस लेने में परेशानी, कफ से इंफेक्शन हो गया। बच्ची को बुखार भी आ गया। इसके बाद उसे लोकमान्य तिलक म्यूनिसिपल जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में जब बच्ची का एक्स-रे कराया गया, तो उसमें कोई चीज गले में फंसी नहीं दिखाई दी।
ऐसे गले में ईयररिंग का पता चला
– लड़की की हालत गंभीर होने लगी तो डॉक्टरों ने उसे वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया। इसके बाद भी जब तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ तो एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां बच्ची को लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर 3 दिन तक रखा गया। बच्ची की सेहत में कोई सुधार नहीं हो रहा था। इसके बाद उसे बीजे वाडिया अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां एक्स-रे में ईयररिंग का पता चला।
ऐसे निकाली गई ईयररिंग
– डॉक्टरों ने बच्ची की सर्जरी किए बिना ब्रोंकोस्कोपी के जरिये उसके गले में फंसा ईयररिंग निकाला। बच्ची की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। वो आराम से सांस भी ले पा रही है और खाना भी ठीक से खा रही है।