नई दिल्ली. आम आदमी की जिंदगी आसान बनाने से संबंधित ‘लिवेबिलिटी इंडेक्स’ में पुणे पहले नंबर पर है। नवी मुंबई दूसरी और ग्रेटर मुंबई तीसरी पायदान पर है। इस मामले में नई दिल्ली का 65वां स्थान है। चेन्नई 40वें नंबर पर है। इस प्रतिस्पर्धा में कोलकाता ने भाग नहीं लिया। केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोमवार को यह सूची जारी की। शहरों में आसान जिंदगी को लेकर सरकार की ओर से किया गया यह पहला सर्वे है।
पुरी ने कहा कि सरकार आम आदमी की जिंदगी जीने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए लगातार काम रही है। इसके लिए स्थानीय सरकारों को वित्तीय सहायता और प्रौद्योगिकी मुहैया कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि ‘सुगम जीवन’ स्तर का आकलन करने के लिए देशभर के शहरों में सर्वे किया गया था। इससे शहरों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और उन्हें सुधार करने का मौका मिलेगा।
चार पैमानों पर हुआ सर्वे : सर्वे में शहरों का आकलन करने के लिए चार पैमाने रखे गए। ये थे- संस्थागत, सामाजिक, आर्थिक और भौतिक परिस्थितियां। इनमें 15 श्रेणियां और 78 सूचक थे। सभी 78 सूचकों के लिए 100 अंक थे। संस्थागत और सामाजिक श्रेणी के लिए 25-25 अंक थे। भौतिक परिस्थितियों के लिए अधिकतम 45 अंक थे। बाकी पांच अंक आर्थिक पैमाने के लिए थे।