श्रीनगर.जम्मू-कश्मीर में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) और भाजपा की गठबंधन सरकार गिरने के 24 घंटे के अंदर राज्यपाल शासन लगा दिया गया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बुधवार सुबह इसे तत्काल प्रभाव से लागू करने की मंजूरी दी। राज्य में पिछले 10 साल में चौथी बार राज्यपाल शासन लगा है।
राज्यपाल एनएन वोहरा का कार्यकाल इसी महीने खत्म हो रहा है। बताया जा रहा है कि वे अमरनाथ यात्रा खत्म होने तक पद पर बने रह सकते हैं। ये यात्रा 28 जून से 26 अगस्त तक चलेगी। हालांकि, न्यूज एजेंसी ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से खबर दी कि अगस्त से पहले पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल दीपेंद्र हुड्डा को अगला राज्यपाल बनाया जा सकता है। उन्हें कश्मीर का जमीनी तजुर्बा हासिल है। हुड्डा 2014 से 2016 तक सेना की उत्तरी कमान के कमांडर रहे हैं। जब 28-29 सितंबर 2016 में सर्जिकल स्ट्राइक हुआ था तब हुड्डा ही जम्मू-कश्मीर में तैनात सबसे वरिष्ठ सैन्य अधिकारी थे। उन्होंने ही सर्जिकल स्ट्राइक की प्लानिंग और ऑपरेशन की निगरानी की थी।