पिंपरीे- पिंपरी चिंचवाड़ में साढ़े तीन महीने पहले हुई हत्या की एक गुत्थी को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक के 4 दोस्तों को पकड़ा है। हत्या के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए शव को लकड़ी और पेट्रोल डालकर जला दिया था। शव के जलने के बाद हड्डियों और राख को पानी में बहा दिया था।
पिंपरी पुलिस ने बताया कि 8 मार्च को जयबीर सिंह उर्फ बिल्लू (22) अचानक अपने घर से गायब हो गया था। इसकी तलाश में एक टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को जयबीर के दोस्त नीरज जांगयानी (26) पर शक हुआ। पुलिस ने पूछताछ की तो उसने इंकार कर दिया। हालांकि, फिर जांच की कड़ी को जोड़ते-जोड़ते पुलिस नीरज जांगयानी तक पहुंची और उससे सख्ती से पूछताछ की।
इसके बाद नीरज ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। नीरज की गवाही के बाद पुलिस ने मृतक के ही दोस्त ललित ठाकुर (21), योगेश पंजवानी (31) और हरजोत सिंह(22) को गिरफ्तार किया।
ऐसे अंजाम दी वारदात
नीरज ने पुलिस को बताया है कि पैसों के पुराने विवाद में चारों ने मिलकर जयबीर की हत्या की। वारदात वाले दिन से पहले भी उनकी कई बार पैसों को लेकर विवाद हुआ था। 8 मार्च को चारों ने जयबीर को पार्टी के लिए बुलाया और खाना खाने के बाद उसकी हत्या कर शव के कुछ हिस्सों को कचरे में और कुछ को जलाकर पानी में बहा दिया।