मुंबई. महाराष्ट्र की गठबंधन सरकार को समर्थन देने वाले सपा विधायक अबु आजमी के बेटे फरहान ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के अयोध्या दौरे पर बयान दिया है। मुंबई में एक रैली को संबोधित करते हुए फरहान ने कहा, ‘अगर उद्धव ठाकरे अयोध्या जा रहे हैं, तो मैं भी जाऊंगा। हम सब जाएंगे। मैं गठबंधन के नेताओं को भी आमंत्रित करूंगा। मेरे पिता भी जाएंगे। उद्धव ठाकरे राम मंदिर बनाने जाएंगे, लेकिन हम बाबरी मस्जिद बनाने के लिए जाएंगे। हम सुप्रीम कोर्ट के फैसले से निराश हैं।’
उद्धव का फैसला मुसलमानों को डराने वाला: फरहान
27 जनवरी को नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में आयोजित रैली में फरहान ने कहा, ‘ महाराष्ट्र में सरका के 100 दिन पूरे होने पर उद्धव ठाकरे का अयोध्या जाने का फैसला मुसलमानों को डराने के लिए है। लेकिन मैं आपको बता दूं कि दुनिया भर में हमारी आबादी 2.5 अरब है। 50 से अधिक मुस्लिम देश हैं, जो खुशी से हमें अपने देश ले जाएंगे, लेकिन हम नहीं जाएंगे।’
‘सिर्फ 6 से 8 महीने चलेगी गठबंधन सरकार’
फरहान ने कहा, ‘नरेंद्र मोदी के नाम पर उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने वोट
हासिल किए। अब वह उन्हें छोड़कर राकांपा और कांग्रेस के साथ मिल गए। मैं
आपको बता रहा हूं कि उनकी सरकार 6 से 8 महीने से ज्यादा नहीं चलेगी।’
आजमी का बयान उनका निजी: मंत्री उदय सामंत
फरहान के बयान पर महाराष्ट्र के मंत्री और शिवसेना नेता उदय सामंत ने जवाब
देते हुए कहा कि उन्होंने जो बयान दिया है, वो उनके निजी विचार हैं।
महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने चुनाव से पहले अयोध्या जाने का फैसला
किया था और इसलिए वह अयोध्या जा रहे हैं।
7 मार्च को अयोध्या जाएंगे उद्धव ठाकरे
उद्धव ठाकरे राज्य में सरकार के 100 दिन पूरे होने पर 7 मार्च को अयोध्या जाएंगे। इस दौरान पार्टी के बड़े नेता, उनके परिवार के सदस्य और शिवसेना कार्यकर्ता भी उनके साथ होंगे। इससे पहले उद्धव 24 नंवबर को अयोध्या जाने वाले थे, लेकिन उस वक्त राज्य में राजनीतिक उठापठक के चलते उन्होंने अपना दौरा रद्द कर दिया था। अयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद उद्धव ठाकरे ने प्रेस कॉफ्रेंस करके खुशी व्यक्त की थी।